भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 41 विधानसभाओं के भाजपा प्रभारियों, विस्तारकों एवं प्रवासी कार्यकर्ताओं की बैठक ली।

देहरादून 27 दिसंबर 2021,

उत्तराखंड: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज राजधानी में गढ़वाल मंडल की सभी 41 विधानसभाओं के भाजपा प्रभारियों, विस्तारकों एवं प्रवासी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक ली। इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उपस्थित पदाधिकारियों से चुनाव की दृष्टि से 28 बिन्दुओं पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने आगामी चुनाव के लिए जीत का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि यदि हमने बूथ जीता तो समझो चुनाव जीत लिया।

आसन्न चुनाव को देखते हुए भाजपा ने जनता तक पहुंचने के साथ ही संगठन को सक्रिय करना शुरू कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज रविवार सुबह देहरादून पहुंचे।जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर सीएम धामी समेत अन्य ने उनका स्वागत किया। इसके बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष दोपहर 12 देहरादून में राजपुर रोड स्थित मधुबन होटल पहुंचे। यहां गढ़वाल मंडल के सभी जिलों के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, विधानसभा क्षेत्र प्रभारियों व विस्तारकों के साथ दो चरणों में बैठक की। पहली बैठक उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, चमोली व रुद्रप्रयाग के पार्टी पदाधिकारियों के साथ ही। दूसरी बैठक में हरिद्वार व देहरादून जिलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चुनावी तैयारियों का फीडबैक भी लिया। बैठक में हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली से आए 200 प्रवासी कार्यकर्ता सम्मिलित भी शामिल हुए। चुनाव की दृष्टि से इस महत्वपूर्ण बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बूथ जीता, चुनाव जीता का मूल मंत्र देते हुए कहा कि किस तरह हमे बूथ स्तर पर मतदाताओं के बीच कार्य करना है। किस तरह जनसंपर्क अभियान के माध्यम से वोटर तक भाजपा सरकार की कार्ययोजना पहुंचाकर उसे चुनाव के लिए बूथ तक ले जाना है।

नड्डा ने अगस्त से आरंभ विस्तारक योजना के तहत संबन्धित विधानसभाओं में नियुक्त विस्तारकों व प्रभारियों से क्षेत्रवार कार्य संपादित करने में आने वाली समस्याओं व उनके सुझावों को भी सुना। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि चुनाव में भाजपा की जीत निश्चित है। बस हमें मतदाता तक पार्टी द्वारा निर्धारित रणनीति के तहत अपने संदेश को पहुंचाना है। उसे पोलिंग स्टेशन तक ले जाना है। जनता ने भाजपा के पक्ष में मन बनाया हुआ है बस हमें भी अपनी कोशिशों को लेकर कोई कोर कसर नहीं छोड़नी है।

बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार, सीएम पुष्कर सिंह धामी, पूर्व सीएम डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा, चुनाव प्रदेश सहप्रभारी लॉकेट मुखर्जी, आर पी सिंह, संगठन महामंत्री अजेय, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.