June 24, 2026

उत्तराखंड अधिनस्थ सेवा चयन आयोग ने भर्तियों के सम्बंध में मूल अधियाचन शासन को वापस भेजा।

देहरादून 16 सितंबर 2022,

उत्तराखंड अधिनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा विभिन्न विभागों हेतु पूर्व में विज्ञापित एवं अविज्ञापित पदों की भर्तियों के सम्बंध में मूल अधियाचन शासन को वापस भेज दिया गया है। अब इन भर्तियों को लोक सेवा आयोग के माध्यम से कराया जायेगा। साथ ही पूर्व के अभ्यर्थियों से शुल्क नहीं लिया जाएगा। उत्तराखंड अधिनस्थ सेवा चयन आयोग में हुई भर्ती घोटालों के दृष्टिगत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भर्तियां करने की जिम्मेदारी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से लेकर उत्तराखंड लोक सेवा आयोग को दे दी है।

उत्तराखंड अधिनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव सुरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि 13 परीक्षाएं, जिनका आयोग द्वारा पूर्व में विज्ञापन प्रकाशित किया जा चुका है व ऐसी 05 परीक्षाएं जिनका उत्तराखंड अधिनस्थ सेवा चयन आयोग को अधियाचन प्राप्त हो चुका है और विज्ञापन प्रकाशित नहीं किया गया है। उन सभी का अधियाचन शासन को वापस कर दिया गया है।इन परीक्षाओं को अब लोक सेवा आयोग से करवाया जाएगा। शासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि इन परीक्षाओं में पुलिस विभाग की भर्ती, जिसमें शारीरिक दक्षता की परीक्षा हो चुकी है, उसमें उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की ही लिखित परीक्षा लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाएगी।

इसके अलावा रैंकर परीक्षा व अन्य परीक्षाएं जिनके परिणाम जारी हो चुके हैं, उनके संबंध में केस टू केस बेसिस पर परीक्षण कर अधिनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा ही अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.