June 24, 2026

हिमालय एवं पर्यावरण संरक्षण सबकी सामुहिक जिम्मेदारी है, इनके संरक्षण के लिए सबको अपना योगदान देना होगा: मुख्यमंत्री धामी।

देहरादून 09 सितंबर 2022,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज नगर निगम प्रेक्षागृह, देहरादून में हिन्दुस्तान मीडिया लि. द्वारा आयोजित ‘हिन्दुस्तान हिमालय बचाओ अभियान’ सम्मान समारोह कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने हिमालय एवं पर्यावरण संरक्षण में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों एवं इस क्षेत्र से जुड़ी संस्थाओं को हिमालय मित्र सम्मान से सम्मानित किया। उन्होंने हिमालय बचाओ अभियान पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि हिमालय एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन जागरूकता के लिए हिन्दुस्तान समाचार पत्र द्वारा पिछले 10 वर्षों से सराहनीय पहल की जा रही है। उत्तराखण्ड प्राकृतिक दृष्टि से सम्पन्न राज्य है, हमारा प्रयास होना चाहिए कि इन प्राकृतिक संपदाओं का सही सदुपयोग हो।

हिमालय से निकलने वाली नदियां भारत के विस्तृत भू-भाग को सिंचित करती है। जल स्त्रोत तेजी से सूख रह हैं, इनके पुनर्जीवीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाये जाने की आवश्यकता है। हिमालय एवं पर्यावरण संरक्षण सबकी सामुहिक जिम्मेदारी है, इनके संरक्षण के लिए सबको अपना योगदान देना होगा।

इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक श्रीमती सविता कपूर, हिन्दुस्तान समाचार पत्र देहरादून के संपादक गिरीश गुरूरानी एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कार्य कर रहे महानुभाव एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.