June 25, 2026

देहरादून 22 मई 2022,

दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पेट्रोल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क को आठ रुपये प्रति लीटर और डीजल पर छह रुपये कम करने का फैसला किया है। इससे पेट्रोल की कीमत 9.5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के भाव में सात रुपये प्रति लीटर तक कम हो जाएंगे। इससे देश में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों से खराब हो रहे आम आदमी के घरेलू बजट में सुधार होगा। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के नौ करोड़ से अधिक लाभार्थियों को 200 रुपये प्रति सिलेंडर (12 सिलेंडर तक) सब्सिडी दी जाएगी।

एक्साइज ड्यूटी में कटौती से पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 105.41 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 96.67 रुपये प्रति लीटर रहे। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 115.51 रुपये और डीजल की 105.77 रुपये प्रति लीटर था ।

सीतारमण ने कहा कि हम उन प्लास्टिक उत्पादों के लिए कच्चे माल पर भी कस्टम ड्यूटी कम कर रहे हैं, जहां हमारी आयात निर्भरता ज्यादा है। स्टील के कुछ कच्चे माल पर भी आयात शुल्क को घटाया जाएगा। कुछ स्टील उत्पादों पर निर्यात शुल्क लगाया जाएगा। वित्त मंत्री ने कहा कि सीमेंट की उपलब्धता को बेहतर करने के लिए मानक अमल में लाए जा रहे हैं और सीमेंट की कीमत कम करने के लिए बेहतर लॉजिस्टिक्स का सहारा लिया जा रहा है।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पेट्रोल और डीज़ल पर उत्पाद शुल्क घटाने और गैस सिलेंडर पर 200 रुपये की सब्सिडी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार व्यक्त किया है।

अमित शाह ने कहा कि “इस चुनौतीपूर्ण वैश्विक स्थिति में भी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाकर व गैस सिलेंडर पर 200 रुपये की सब्सिडी देकर आम जनता को बहुत बड़ी राहत दी है। अन्य क्षेत्रों के लिए भी कई ऐसे कदम उठाए हैं जिससे उत्पादों के दाम में कमी आएगी”।

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि “मोदी जी देश के हर वर्ग की चिंता करने वाले एक संवेदनशील नेता हैं।इसलिए पिछले 8 सालों से देश के गरीब, किसान और आम जनता के हितों की चिंता हमेशा से मोदी सरकार के निर्णयों के केंद्र में रही है। इस जन-हितैषी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी का आभार व्यक्त करता हूँ”।

 

 

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.