221 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, मुख्यमंत्री ने जनसेवा का दिया संदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों का चयन शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभाग के विभिन्न पदों के लिए किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवचयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बीते साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लागू सख्त नकल विरोधी कानून के चलते भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और युवाओं को निष्पक्ष अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता योग्य एवं प्रतिभाशाली युवाओं को बिना किसी भेदभाव के रोजगार उपलब्ध कराना है।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को तेजी से भरने की प्रक्रिया जारी है और भविष्य में भी भर्ती अभियान को गति दी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नवचयनित कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राज्य के विकास में योगदान देने का अवसर भी है। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। राज्य सरकार ने इसे युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
