June 24, 2026

76वें स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस पार्टी की अंतरिम राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने देशवासियों को शुभकामना संदेश प्रेषित किया।

देहरादून 15 अगस्त 2022,

दिल्ली : देश के 76वें स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस पार्टी की अंतरिम राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने देशवासियों को शुभकामना संदेश प्रेषित किया है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के कोरोना पोजिटिव होने की वजह से पार्टी मुख्यालय पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मिलित नहीं हो सकें हैं।

देशवासियों को दिए संदेश में सोनिया गांधी ने कहा कि पिछले 75 साल में भारत ने अपने प्रतिभाशाली निवासियों की कड़ी मेहनत के बल पर विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सूचना प्रौद्योगिकी सहित सभी क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय पटल पर एक अमिट छाप छोड़ी है।

उन्होंने कहा कि भारत ने अपने दूरदर्शी नेताओं के नेतृत्व में एक ओर जहां स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था स्थापित की, वहीं प्रजातंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को मजबूत बनाया। इसके साथ-साथ भारत ने भाषा, धर्म, संप्रदाय की बहुलतावादी कसौटी पर सदैव खरा उतरने वाले एक अग्रणी देश के रूपमें अपनी गौरवपूर्ण पहचान बनाई है।

पार्टी नेता सोनिया गांधी ने कहा कि, आज आत्ममुग्ध सरकार हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों और देश की गौरवशाली उपलब्धियों को तुच्छ साबित करने पर तुली हुई है, जिसे कदापि स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि राजनैतिक लाभ के लिए ऐतिहासिक तथ्यों पर कोई भी गलतबयानी तथा गांधी-नेहरू-पटेल-आजाद जैसे महान राष्ट्रीय नेताओं को असत्यता के आधार पर कटघरे में खड़े करने के हर प्रयास का भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.