June 24, 2026

नक्सल प्रभावित जिले बीजापुर में आईईडी ब्लास्ट में सुरक्षा बलों के 9 जवान शहीद।

देहरादून, 06 जनवरी 2025,

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले बीजापुर में आईईडी ब्लास्ट में सुरक्षा बलों के 9 जवान शहीद हो गए। जिसमें 8 जवान और एक वाहन चालक शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार जवानों से भरे वाहन को नक्सलियों ने आईईडी विस्फोटक से उड़ाया है। बताया जा रहा है कि,यह घटना अंबेली इलाके में उस समय हुई, जब जवानों की टीम वाहन से नारायणपुर मुठभेड़ से वापस लौट रहे थी।

छत्तीसगढ़ बस्तर रेंज के महा निरीक्षक पी. सुंदरराज ने बताया कि, दंतेवाड़ा, बीजापुर और नारायणपुर जिलों के सीमावर्ती इलाकों में पिछले तीन दिनों से नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इस दौरान सुरक्षा बलों ने 5 माओवादी मार गिराए गए थे। आपरेशन में एक जवान शहीद हो गया था। उन्होंने आगे कहा, “जब हमारी टीम ऑपरेशन के बाद वापस लौट रही थी, तब बीजापुर जिले के अंबेली इलाके में माओवादियों ने आईईडी लगाया था। इस विस्फोट के कारण हमारे सुरक्षा बलों का एक वाहन इसकी चपेट में आ गया, जिसमें 8 जवान और एक वाहन चालक शहीद हो गए। यह हमला नक्सलियों की निराशा और हताशा को दर्शाता है, क्योंकि सुरक्षा बल लगातार उनके खिलाफ निर्णायक कार्रवाई कर रहे हैं।

‌मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “बीजापुर जिले के कुटरू में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में 8 जवानों सहित एक वाहन चालक के शहीद होने की खबर अत्यंत दुःखद है।”उन्होंने शहीद जवानों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “मेरी संवेदनाएं शहीदों के परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।”

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी, नक्सलवाद के खात्मे के लिए हमारी यह लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी।

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस हमले को लेकर कहा, “बीजापुर से नक्सलियों द्वारा किए गए इस कायरतापूर्ण हमले की जानकारी मिली है। मैं शहीद जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं… यह एक कायरतापूर्ण हरकत है।

छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने इस घटना पर कहा, “जब भी उनके खिलाफ बड़े ऑपरेशन होते हैं, ये नक्सली कायरतापूर्ण हमले करते हैं… मैं इस हमले में शहीद हुए जवानों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं… छत्तीसगढ़ सरकार और केंद्र सरकार जो बड़े कदम उठा रही है, वह इस दिशा में आगे बढ़ेंगे।”

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस हमले पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा, “बीजापुर से आ रही खबर बेहद दुखद है। हम सभी शहीदों को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और उनकी शहादत को कोटि-कोटि सलाम करते हैं। लोकतंत्र विरोधी ताकतों के खिलाफ हम सब एकजुट हैं।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.