June 30, 2026

नासा और स्पेसएक्स का क्रू-10 मिशन लॉन्च:सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर को अंतरिक्ष से धरती पर लाने का मिशन,

अमेरिका, सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर को अंतरिक्ष से धरती पर लाने के लिए नासा और स्पेसएक्स ने क्रू-10 मिशन लॉन्च कर दिया है। इस मिशन के तहत चार अंतरिक्षयात्रियों को भेजा गया है।भारतीय मूल की अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और विल्मोर की वापसी की निश्चित हो गई है। दोनों एक सप्ताह के लिए ही गए थे लेकिन अंतरिक्ष यान से हीलियम के रिसाव और वेग में कमी के कारण ये लगभग नौ माह से अंतरिक्ष स्टेशन में फंसे हुए हैं।

अमेरिकी एजेंसी नासा के अंतरिक्ष यात्रियों को तैनात करने के लिए ‘स्पेसएक्स’ का यान एक दिन पहले रवाना हुआ था। जो आज रविवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे चार नए अंतरिक्ष यात्री अमेरिका, जापान और रूस का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वे कुछ दिन विलियम्स और विल्मोर से स्टेशन के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। माना जा रहा है कि अगर मौसम सही रहा तो दोनों फंसे अंतरिक्ष यात्रियों सुनीता विलियम्स और बुच विलमोर को अगले सप्ताह फ्लोरिडा के तट के निकट जलक्षेत्र में उतारा जाएगा। सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर बोइंग के नए स्टारलाइनर कैप्सूल से पांच जून 2024 को केप कैनवेरल से रवाना हुए थे।

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी के कैनेडी अंतरिक्ष केंद्र से रवाना हुए अंतरिक्ष यात्रियों के नए दल में नासा से ऐनी मैक्लेन और निकोल एयर्स शामिल हैं। ये दोनों सैन्य पायलट हैं। इनके अलावा जापान के ताकुया ओनिशी और रूस के किरिल पेस्कोव भी रवाना हुए हैं और दोनों विमानन कंपनियों के पूर्व पायलट हैं। ये चारों लोग विल्मोर और विलियम्स के धरती के लिए रवाना होने के बाद अगले छह महीने अंतरिक्ष स्टेशन में बिताएंगे, जिसे सामान्य अवधि माना जाता है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.