कुआंवाला क्षेत्र में वन विभाग की चौकी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला,
Dehradun 29 March 2026,
देहरादून के कुआंवाला क्षेत्र में वन विभाग की चौकी के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर हर्रावाला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आने के बाद ही सही जानकारी सामने आएगी।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10.45 बजे पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि कुआंवाला स्थित जंगल में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विजय थपलियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि मृतक सफेद रंग के कपड़े के फंदे पर पेड़ से लटका हुआ था। पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल पर पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव की हालत काफी खराब हो चुकी है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत करीब 4 से 5 दिन पहले हुई होगी। शव सड़-गल गया है, जिससे मृतक की पहचान करना मुश्किल हो गया है। शिनाख्त के लिए पुलिस ने आसपास के सभी थानों को सूचना भेज दी है और मृतक का हुलिया विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप ग्रुप्स के माध्यम से साझा किया जा रहा है। इसके साथ ही पिछले कुछ दिनों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान किया जा रहा है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मृतक स्थानीय निवासी था या बाहर से आया हुआ व्यक्ति।
चौकी प्रभारी विजय थपलियाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
