July 8, 2026

उत्तरकाशी में ‘संकल्प संवाद’ पोर्टल लॉन्च, अब घर बैठे जिलाधिकारी से सीधी सुनवाई

उत्तरकाशी: संकल्प संवाद पोर्टल www.sankalpsanwad.com से जिलाधिकारी से सीधी बात,अब बिना सफर दूरस्थ लोगों को मिलेगा त्वरित समाधान। जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों के लिए राहत भरी पहल करते हुए जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य ने दक्ष उत्तरकाशी मॉडल के तहत संकल्प संवाद पोर्टल का शुभारंभ किया । इस अभिनव व्यवस्था का विधिवत संचालन 9 अप्रैल से शुरू होगा। जिसके माध्यम से अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान व सुझाव के लिए जिला मुख्यालय तक लंबा सफर तय नहीं करना पड़ेगा। अक्सर दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को अपनी समस्याओं/सुझावों व शिकायतों को दर्ज कराने के लिए मुख्यालय आने में समय और धन दोनों का नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में संकल्प संवाद पोर्टल उनके लिए बड़ी सहूलियत लेकर आया है, जिससे वे सीधे प्रशासन से जुड़कर अपनी समस्याएं/सुझाव रख सकेंगे।

अभिनव पहल के तहत जिलाधिकारी प्रत्येक मंगलवार को दोपहर 12:30 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक संकल्प संवाद पोर्टल के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याएं सुनेंगे। इसके अलावा मुख्य विकास अधिकारी प्रत्येक बुधवार तथा अपर जिलाधिकारी प्रत्येक गुरुवार को इसी समयावधि में दूरस्थ क्षेत्र के नागरिकों से संवाद कर उनके सुझाव व समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच दूरी को कम करना,शिकायत निवारण को अधिक सरल और प्रभावी बनाना तथा दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना है। यह पहल जनपद में सुशासन और पारदर्शिता को और मजबूत करेगी।

उसके बाद जिलाधिकारी ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.