May 7, 2026

मुख्य सचिव ने शिक्षा विभाग को समयबद्ध कार्य पूरे करने के दिए निर्देश

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में प्रदेश के सभी सरकारी विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए स्कूलों में आवश्यक संसाधनों को समयबद्ध तरीके से विकसित किया जाए।

बैठक में मुख्य सचिव ने स्कूलों में बुक बैंक स्थापित करने की पहल पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को पुस्तकों की सुविधा आसानी से उपलब्ध होगी और हर वर्ष पुस्तकों पर होने वाले करोड़ों रुपये के खर्च में भी बचत हो सकेगी।

उन्होंने अधिकारियों को क्लस्टर विद्यालयों के भवन निर्माण और छात्रावास परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों में बिजली, पेयजल और स्वच्छ शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्य सचिव ने कहा कि शौचालयों की नियमित सफाई और रखरखाव के लिए स्थायी मैकेनिज्म तैयार किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। उन्होंने विद्यालयों में स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

बैठक में विद्यार्थियों के लिए डिजिटल पुस्तकालय विकसित करने पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने कहा कि डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से छात्र आधुनिक तकनीक के जरिए गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री तक आसानी से पहुंच सकेंगे, जिससे उनकी पढ़ाई को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.