May 7, 2026

बद्रीनाथ धाम को स्प्रिचुअल हिल टाउन के रूप में विकसित करेगी सरकार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ मास्टर प्लान के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम को एक आधुनिक “स्प्रिचुअल हिल टाउन” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां आस्था, आधुनिकता और प्रकृति का संतुलित संगम दिखाई देगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को बेहतर आध्यात्मिक अनुभव देने के साथ आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। मास्टर प्लान के तहत देव दर्शनी पॉइंट और बद्रीनारायण चौक का विशेष रूप से विकास किया जाएगा, ताकि तीर्थयात्रियों को आकर्षक और सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में स्थानीय कला, संस्कृति और पारंपरिक स्थापत्य को प्राथमिकता दी जाए। धाम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भगवान विष्णु से जुड़े प्रतीकों और कथाओं पर आधारित भव्य कलाकृतियां स्थापित की जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभव एक साथ प्राप्त हो सके।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य बद्रीनाथ धाम को विश्वस्तरीय धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसके लिए यात्री सुविधाओं, सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था और अर्थव्यवस्था दोनों से जुड़ी है, इसलिए विकास कार्यों में गुणवत्ता और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और सभी परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.