उत्तराखंड मौसम अलर्ट, अगले तीन दिन भारी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी
उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार, राज्य में 12 और 13 मई को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में ओलावृष्टि (Hailstorm) की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और तीर्थयात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पहाड़ों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है। 14 मई को भी पर्वतीय क्षेत्रों में गतिविधि जारी रहेगी, हालांकि हवा की गति थोड़ी कम (30-40 किमी/घंटा) हो सकती है।राहत की बात यह है कि अगले 4-5 दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से कम बना रहेगा। हालांकि, 15 मई के बाद मौसम साफ होने के साथ ही तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि दर्ज की जा सकती है।
रोहित थपलियाल, मौसम वैज्ञानिक।
