पद्म भूषण सम्मान पर दिल्ली में भगत सिंह कोश्यारी का भव्य अभिनंदन
नई दिल्ली में फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल (फेम) एवं नई दिल्ली भाजपा परिवार की ओर से “प्रेस क्लब दिल्ली” में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री Bhagat Singh Koshyari के पद्म भूषण सम्मान प्राप्त करने पर भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में व्यापारिक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर भारत सरकार के नेशनल ट्रेड बोर्ड के सदस्य आर.के. गौड़, फेडरेशन के वरिष्ठ नेता सीए राजेश्वर प्रसाद पैन्यूली, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष गुरचरण सिंह राजू तथा प्रदेश महामंत्री राजीव शर्मा ने व्यापारियों की ओर से भगत सिंह कोश्यारी का जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सीए राजेश्वर प्रसाद पैन्यूली ने की। उन्होंने कहा कि भगत सिंह कोश्यारी को मिला पद्म भूषण सम्मान पूरे उत्तराखंड के लोगों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि कोश्यारी का 66 वर्षों का राजनीतिक और सामाजिक जीवन अत्यंत गौरवपूर्ण रहा है तथा उन्होंने पत्रकारिता, शिक्षा और राजनीति के क्षेत्र में अतिविशिष्ट योगदान दिया है।
अपने संबोधन में पद्म भूषण से सम्मानित भगत सिंह कोश्यारी ने प्रधानमंत्री Narendra Modi का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विजन के कारण आज उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरा देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
कोश्यारी ने कहा कि व्यक्ति को किसी सम्मान के लिए नहीं बल्कि देश और मातृभूमि के उत्थान के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें मिला यह सम्मान पूरे उत्तराखंड का सम्मान है। साथ ही उन्होंने उत्तराखंडवासियों को संदेश देते हुए कहा कि हम जहां भी रहें, उस स्थान और समाज के प्रति ईमानदार रहें।
