August 27, 2026

चारधाम और हेमकुण्ड साहिब यात्रा में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

उत्तराखंड में चल रही पवित्र चारधाम यात्रा और हेमकुण्ड साहिब यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। यात्रा शुरू हुए एक महीने से अधिक का समय बीत चुका है और अब तक लगभग 23 लाख 65 हजार से अधिक श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं।

चारधाम यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा प्रतिदिन यात्रा मार्गों और धामों में उमड़ रही भीड़ की सघन मॉनिटरिंग की जा रही है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

संवेदनशील और अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों, विशेष रूप से जनपद रुद्रप्रयाग स्थित Kedarnath Temple में कुमाऊं परिक्षेत्र से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा यात्रा मार्गों और धामों पर पैरामिलिट्री फोर्स, प्रांतीय रक्षक दल, एसडीआरएफ और स्थानीय जिला पुलिस के जवान 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहकर श्रद्धालुओं की सहायता कर रहे हैं।

पुलिस प्रशासन द्वारा पिछले सप्ताह से भीड़ नियंत्रण और यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए अतिरिक्त राजपत्रित अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। ये अधिकारी ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की निगरानी कर रहे हैं।

जैसे-जैसे यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, वैसे-वैसे पुलिस प्रशासन भी अपनी व्यवस्थाओं को और अधिक संवेदनशील और मजबूत बना रहा है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उत्तराखंड पुलिस ने सभी तीर्थयात्रियों का देवभूमि में स्वागत करते हुए अपील की है कि वे पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे उनकी यात्रा सुरक्षित, सुगम और मंगलमय बन सके।

आईजी गढ़वाल 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.