July 16, 2026

देहरादून: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ‘सेव फ्यूल, सेव नेशन’ अभियान का किया शुभारंभ

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने उत्तराखंड प्रवास के तीसरे दिन विभिन्न संगठनात्मक और जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लेते हुए कार्यकर्ताओं, युवाओं और प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद किया। उनके दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिन की शुरुआत टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ की। इसके बाद उन्होंने एक बूथ अध्यक्ष के घर पहुंचकर नाश्ता किया और कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद किया।

इसके उपरांत उन्होंने गढ़ी कैंट में आयोजित बूथ समिति बैठक में भाग लेकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्टी की वास्तविक ताकत बूथ कार्यकर्ता हैं और संगठन की मजबूती का आधार भी वही हैं।

नितिन नवीन ने बाद में शिमला बाईपास स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी में भाग लिया। कार्यक्रम में उन्होंने शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों, उद्योग जगत और समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से संवाद कर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं तथा पार्टी की नीतियों पर चर्चा की।

दोपहर बाद उन्होंने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद किया और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में कैंट विधानसभा क्षेत्र में “सेव फ्यूल, सेव नेशन” अभियान का भव्य शुभारंभ भी किया गया। अभियान की शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा हस्ताक्षर कर औपचारिक रूप से की गई।

रोड शो के दौरान नितिन नवीन ने स्वयं वाहन रोककर अभियान में सहभागिता की और इसे राष्ट्रहित तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा प्रेरणादायक अभियान बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भाग लेते हुए ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया।

महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने कहा कि “सेव फ्यूल, सेव नेशन” अभियान केवल ईंधन बचाने का संदेश नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भर भारत के विजन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता निरंतर कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संतुलन आज समय की आवश्यकता है तथा प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने अभियान को घर-घर तक पहुंचाने और इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प लिया।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.