June 3, 2026

BTKIT द्वाराहाट में नियमित कुलसचिव की नियुक्ति जल्द, तकनीकी शिक्षा मंत्री ने जताई नाराजगी

प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री Dhan Singh Rawat ने बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी), द्वाराहाट में शीघ्र नियमित कुलसचिव की नियुक्ति किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने तकनीकी शिक्षा विभाग के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर नियुक्ति प्रक्रिया के लिए विज्ञप्ति जारी करने को कहा है।

अपने शासकीय आवास पर आयोजित तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ने संस्थान में लंबे समय से नियमित कुलसचिव न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस पद के रिक्त रहने से संस्थान के प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिसका सीधा असर छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है। उन्होंने तकनीकी शिक्षा निदेशक को नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में मंत्री ने प्रदेश के विभिन्न पॉलीटेक्निक कॉलेजों के छात्रावासों की स्थिति की भी समीक्षा की। कई छात्रावासों में मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य लंबित पाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

डॉ. रावत ने पॉलीटेक्निक संस्थानों में खेल मैदानों के विकास, खेल सामग्री की उपलब्धता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है।

समीक्षा बैठक में प्रत्येक जनपद में एक-एक मॉडल पॉलीटेक्निक संस्थान विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा विभाग के अधीन संचालित पॉलीटेक्निक कॉलेजों और अन्य तकनीकी संस्थानों में लंबे समय से रिक्त पड़े विभिन्न संवर्गों के पदों को भरने तथा पदोन्नति के पात्र कार्मिकों को समयबद्ध तरीके से पदोन्नत करने पर भी जोर दिया गया।

मंत्री ने विभाग के अंतर्गत संचालित निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में सचिव तकनीकी शिक्षा Ranjeet Sinha, कुलपति Tripta Thakur, निदेशक तकनीकी शिक्षा Deshraj, उप सचिव Byomkesh Dubey, यूबीटीआर के सचिव Mukesh Pandey सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.