Recent Posts

September 21, 2026

देहरादून में पुलिस मुठभेड़: राजस्थान के दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

राजधानी देहरादून के नयागांव क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में राजस्थान के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। पुलिस अन्य तीन फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस के अनुसार, नयागांव चौकी बैरियर पर चेकिंग अभियान के दौरान राजस्थान नंबर (RJ) की एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। हालांकि कार सवार बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मारते हुए मौके से फरार होने की कोशिश की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया।

पीछा करते हुए पुलिस रामगढ़ क्षेत्र तक पहुंची, जहां बदमाशों ने कार छोड़ दी और भागने लगे। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, एक खोखा कारतूस और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों के राजस्थान से संबंध होने की पुष्टि हुई है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की जानकारी जुटा रही है। वहीं, घटना में शामिल तीन अन्य फरार बदमाशों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा। इस कार्रवाई को देहरादून पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.