Recent Posts

September 21, 2026

डोईवाला: गडूल-इठारना सड़क निर्माण में देरी, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

राजधानी देहरादून से सटी डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के गडूल-इठारना मोटर मार्ग का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़े होने के कारण क्षेत्रीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। सड़क निर्माण में हो रही देरी से परेशान ग्रामीण अब आंदोलन का रास्ता अपनाने की तैयारी कर रहे हैं।

गडूल के प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र रावत ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर वे कई बार शासन-प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत कार्य कर रहे ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय विधायक द्वारा भी निर्माण कार्य में देरी पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई थी, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। हाल ही में क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे राज्यमंत्री कर्नल अजय कोठियाल ने भी ग्रामीणों को सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने का भरोसा दिलाया।

प्रधान प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेंद्र रावत ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ और उसे समयबद्ध तरीके से पूरा नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सड़क पर उतरकर चक्का जाम सहित उग्र आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और ठेकेदार की होगी।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में लगातार हो रही देरी से क्षेत्र के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जल्द समाधान नहीं होने पर जनआंदोलन की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

राज्य मंत्री कर्नल अजय कोठियाल

धर्मेंद्र रावत प्रधान प्रतिनिधि

 

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.