July 26, 2026

अर्धकुंभ को लेकर ठुकराल के बयान पर सियासत तेज, भाजपा ने किया पलटवार

हरिद्वार में प्रस्तावित अर्धकुंभ 2027 को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए विवादित बयान दिया है, जिस पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

अल्मोड़ा में आयोजित एक जनसभा के दौरान राजकुमार ठुकराल ने कहा कि जनवरी 2027 से शुरू होने वाले अर्धकुंभ में सत्ता हासिल करने के लिए भाजपा सरकार किसी अप्रिय घटना को अंजाम दिला सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सत्ता के लिए कुछ लोगों की जान जाने से भी भाजपा को फर्क नहीं पड़ता।

ठुकराल के इस बयान के बाद भाजपा ने कड़ा विरोध जताया है। भाजपा विधायक विनोद चमोली ने ठुकराल के आरोपों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि अर्धकुंभ 2027 बेहतर व्यवस्थाओं और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाएगा।

विनोद चमोली ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच भ्रम फैलाकर माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जब राजकुमार ठुकराल भाजपा में थे, तब वे सनातन और धार्मिक परंपराओं की बात करते थे, लेकिन कांग्रेस में जाने के बाद उनके विचारों में आया बदलाव हैरान करने वाला है।

चमोली ने ठुकराल को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें अपना मूल स्वभाव और विचारधारा नहीं बदलनी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि अर्धकुंभ का आयोजन पूरी सुरक्षा और बेहतर प्रबंधन के साथ होगा तथा श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

अर्धकुंभ को लेकर दिए गए इस बयान के बाद प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

राजकुमार ठुकराल, पूर्व विधायक

विनोद चमोली, विधायक

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.