July 22, 2026

निवेदिता कुकरेती ने ग्रहण किया आईजी कुमाऊं का कार्यभार

भारतीय पुलिस सेवा की वरिष्ठ अधिकारी निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल के पद का विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने परिक्षेत्रीय कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर आईजी निवेदिता कुकरेती ने कहा कि कुमाऊं परिक्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने तथा जनशिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही अपराधों की रोकथाम और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का भी बेहतर उपयोग किया जाएगा।

आईजी कुकरेती ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए समन्वित और सक्रिय कार्यशैली अपनाई जाए।

“कुमाऊं परिक्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, नशे के खिलाफ अभियान और जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान हमारी प्रमुख प्राथमिकताएं रहेंगी। पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर विश्वास को और मजबूत किया जाएगा।”

 निवेदिता कुकरेती, आईजी कुमाऊं परिक्षेत्र

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.