मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान को लेकर देहरादून में जागरूकता गोष्ठी, जागरूकता रथ रवाना
मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत शनिवार को आईटी पार्क, देहरादून में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत मतदाता जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. आशीष चौहान ने की। इस अवसर पर उन्होंने मतदाता जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जागरूकता रथ जनपद के विभिन्न वार्डों और क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को विशेष पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देंगे तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करेंगे।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान 7 जुलाई तक संचालित किया जा रहा है। इस दौरान पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे, जबकि मृत, स्थानांतरित, अनुपस्थित और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 8 जून से 7 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण और संकलन कर रहे हैं। साथ ही 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए मतदाताओं के फार्म-6 भी स्वीकार किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी के अनुसार जनपद देहरादून की 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,882 मतदेय स्थल हैं तथा 13,76,813 मतदाता पंजीकृत हैं। अब तक 6,60,308 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का लगभग 47.96 प्रतिशत है। वहीं 35,476 गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन भी किया जा चुका है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने बीएलओ को सहयोग देते हुए गणना प्रपत्र समय पर भरकर जमा करें, ताकि मतदाता सूची का शुद्धिकरण और अद्यतन कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जा सके।
मतदाता सहायता के लिए नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के ईसीआई-नेट प्लेटफॉर्म, “बुक ए कॉल विद बीएलओ” सुविधा तथा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 का भी उपयोग कर सकते हैं।
