असम में वायुसेना का AN-32 विमान हादसे का शिकार, पांच जवान शहीद, मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक
जोरहाट/देहरादून। भारतीय वायुसेना का AN-32 परिवहन विमान शनिवार को असम के जोरहाट वायुसेना स्टेशन पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हुआ। भारतीय वायुसेना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान जोरहाट एयरबेस पर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है।
हादसे के बाद एयरबेस पर आपातकालीन बचाव एवं राहत दलों को तत्काल सक्रिय कर दिया गया। दुर्घटना में भारतीय वायुसेना के पांच जवानों के निधन की सूचना है। वहीं हादसे के कारणों और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है।
AN-32 भारतीय वायुसेना का महत्वपूर्ण मध्यम श्रेणी का परिवहन विमान है, जिसका उपयोग सैनिकों, रसद सामग्री और विशेष अभियानों में किया जाता है। वायुसेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं।
इस दुखद घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि जोरहाट में हुए AN-32 विमान हादसे में भारतीय वायुसेना के पांच वीर जवानों के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रसेवा और कर्तव्य पालन के दौरान जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनका साहस, समर्पण और मातृभूमि के प्रति अटूट निष्ठा सदैव स्मरणीय रहेगी। उन्होंने दिवंगत जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि पूरा देश इस कठिन घड़ी में वीर जवानों के परिवारों के साथ खड़ा है और राष्ट्र उनके बलिदान को सदैव सम्मान के साथ याद रखेगा। ॐ शान्ति।