July 17, 2026

लक्सर में दो मगरमच्छों का रेस्क्यू, ग्रामीणों में मचा हड़कंप

हरिद्वार। बरसात के मौसम की शुरुआत से पहले ही जलीय जीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख करने लगे हैं। इसी क्रम में वन विभाग की लक्सर रेंज की टीम ने शुक्रवार रात दो अलग-अलग स्थानों से मगरमच्छों का सफल रेस्क्यू किया।

वन विभाग को पहली सूचना नियामतपुर गांव में श्रवण कुमार के खेत में मगरमच्छ दिखाई देने की मिली, जबकि दूसरी सूचना खेड़ीकला गांव में कृष्ण शर्मा के घर में मगरमच्छ घुस आने की प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही वन विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) मौके पर पहुंची और दोनों मगरमच्छों को सुरक्षित पकड़ लिया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। वन विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक दोनों मगरमच्छों को कब्जे में लेकर उन्हें उनके प्राकृतिक आवास के अनुकूल सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।

वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी, नहर और जलाशयों के आसपास सतर्क रहें तथा किसी भी जंगली जीव के दिखाई देने पर स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तत्काल विभाग को सूचना दें।

वन विभाग के अनुसार मानसून के दौरान जलस्तर बढ़ने से मगरमच्छ और अन्य जलीय जीव अक्सर रिहायशी क्षेत्रों के आसपास पहुंच जाते हैं, ऐसे में सतर्कता और समय पर सूचना देना बेहद जरूरी है।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.