प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री धामी ने चलाया स्वच्छता अभियान, किया पौधरोपण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित पूर्णागिरि मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप मिला है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों से अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। जनसहभागिता से ही स्वच्छ उत्तराखंड और विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्रकृति और पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण किया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़कर पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय तभी व्यापक जनआंदोलन बन सकते हैं, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इसमें सक्रिय भागीदारी निभाए। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेशवासी इन अभियानों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।