बैरागीवाला हिंसा और स्पा सेंटर प्रकरण में सख्त कार्रवाई की मांग
विकासनगर के बैरागीवाला में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत के मामले को लेकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई गई है। साथ ही क्षेत्र में कुछ तत्वों द्वारा इस घटना को जबरन सांप्रदायिक रंग देने, धार्मिक उन्माद फैलाने तथा माहौल खराब करने के प्रयासों पर भी कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया कि बैरागीवाला की घटना दो पक्षों के बीच हुए विवाद का मामला था, लेकिन कुछ नफरती तत्वों ने इसे हिंदू-मुस्लिम हिंसा का रूप देने का प्रयास किया। आरोप लगाया गया कि धर्म की आड़ लेकर आगजनी, दंगा-फसाद और तनाव का माहौल पैदा करने की कोशिश की गई, जिससे क्षेत्र की शांति और सौहार्द प्रभावित हुआ। ऐसे सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
इसके अलावा हरिद्वार में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित रूप से चल रहे क्रॉस-जेंडर मसाज और देह व्यापार के मामलों को लेकर भी कार्रवाई की मांग उठाई गई। बताया गया कि पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव Hema Bhandari ने इस संबंध में पूर्व में हरिद्वार पुलिस को शिकायत पत्र सौंपा था। आरोप है कि शिकायत के बाद पुलिस ने केवल पांच महिलाओं की गिरफ्तारी कर औपचारिक कार्रवाई की, जबकि अवैध रूप से संचालित स्पा सेंटरों को सील करने और पूरे नेटवर्क की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की आवश्यकता थी।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि शिकायत के बाद अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के हौसले बढ़ गए और उन्होंने हेमा भंडारी को धमकाने का प्रयास किया। इस मामले में भी दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
इसके साथ ही हरिद्वार जनपद के लक्सर कोतवाली में तैनात एसएसआई नितिन चौहान पर विधानसभा लक्सर के प्रभारी जमाल अख्तर के साथ कथित दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत एडीजी लॉ एंड ऑर्डर से की गई। ज्ञापन में इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर संबंधित अधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने वालों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले तत्वों पर अंकुश लगाने तथा सभी मामलों में निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
