June 21, 2026

मतदाता सूची सत्यापन अभियान में शामिल हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी, प्रदेशवासियों से की सहभागिता की अपील

उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची में अपने नाम का सत्यापन कर आवश्यक विवरणों को अद्यतन कराया। इस दौरान निर्वाचन विभाग के अधिकारियों ने उन्हें गणना प्रपत्र भी उपलब्ध कराया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेशवासियों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मताधिकार केवल एक संवैधानिक अधिकार नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।

उन्होंने कहा कि एक जागरूक और जिम्मेदार मतदाता ही लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति होता है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह मतदाता सूची में अपने नाम की पुष्टि करे और यदि किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक हो तो उसे समय रहते पूरा कराए। इससे निर्वाचन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनती है।

कृषि मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती नागरिकों की सक्रिय सहभागिता पर निर्भर करती है। इसलिए सभी पात्र मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का लाभ उठाते हुए अपने विवरणों को अद्यतन करें और लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में योगदान दें।

उन्होंने कहा कि एक जागरूक मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और प्रत्येक मत राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने तथा एक सशक्त, समृद्ध और जागरूक भारत के निर्माण में सहयोग देने का आह्वान किया।

निर्वाचन विभाग द्वारा चलाया जा रहा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अभियान के तहत मतदाताओं के नाम, पते एवं अन्य विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि आगामी चुनावों में सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार का सुचारु रूप से प्रयोग कर सकें।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.