राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को जल्द मिलेगी आउट ऑफ टर्न नौकरी, अगस्त तक विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश
उत्तराखंड के राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को जल्द ही आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी का लाभ मिलने जा रहा है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय अधिकारियों को अगस्त माह तक भर्ती संबंधी विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को सचिवालय स्थित एफआरडीसी सभागार में खेल विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या ने स्पष्ट कहा कि पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी देने की प्रक्रिया में अब और विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान खेल विश्वविद्यालय की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। खेल मंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय का पहला शैक्षिक सत्र शुरू करने के लिए आवश्यक नियुक्तियां जल्द से जल्द पूरी की जाएं। उन्होंने बताया कि प्रथम सत्र में संचालित किए जाने वाले विषयों का चयन किया जा चुका है और अब शैक्षणिक गतिविधियों को प्रारंभ करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
इसके साथ ही खेल मंत्री ने बताया कि महिला स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जुलाई माह से वहां पहला शैक्षिक सत्र प्रारंभ कर दिया जाएगा। इससे प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को खेल शिक्षा और प्रशिक्षण के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
बैठक में आगामी 39वें राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। खेल मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रायल प्रक्रिया, खिलाड़ियों के चयन और प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर जल्द से जल्द उत्तराखंड ओलंपिक संघ के साथ बैठक आयोजित की जाए, ताकि खिलाड़ियों को समयबद्ध और प्रभावी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके।
इसके अलावा खेल मंत्री ने प्रदेश की नई खेल नीति को अंतिम रूप देने तथा प्रत्येक विकासखंड में मिनी स्टेडियम स्थापित करने की योजना को भी तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल अवसंरचना के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
बैठक में विभागीय अधिकारियों को खेलों के समग्र विकास से जुड़े सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
