June 18, 2026

नीट अभ्यर्थियों को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में मिलेगी निशुल्क यात्रा सुविधा

देहरादून। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को लेकर इस बार सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। परीक्षा के सफल और सुचारू संचालन के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार ने नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एक विशेष सुविधा की घोषणा की है।

राज्य सरकार के निर्देश पर उत्तराखंड परिवहन निगम ने नीट परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए साधारण बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के दौरान आवागमन संबंधी परेशानियों से राहत देना और उन्हें समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सहयोग करना है।

उत्तराखंड परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के निर्देश पर यह सुविधा लागू की गई है। उन्होंने कहा कि जो अभ्यर्थी नीट परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं, वे उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सुविधा का लाभ केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासी अभ्यर्थियों को मिलेगा। यात्रा के दौरान अभ्यर्थियों को अपना वैध नीट प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) बस परिचालक (कंडक्टर) को दिखाना होगा, जिसके आधार पर उन्हें निशुल्क यात्रा की अनुमति दी जाएगी।

रीना जोशी ने बताया कि यह विशेष व्यवस्था परीक्षा से दो दिन पूर्व 19 जून से लागू होगी और परीक्षा के दो दिन बाद यानी 23 जून तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि के दौरान अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र तक जाने और वापस लौटने के लिए रोडवेज की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे।

राज्य सरकार की इस पहल का छात्रों और अभिभावकों ने स्वागत किया है। माना जा रहा है कि इससे दूरदराज के क्षेत्रों से परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को विशेष राहत मिलेगी और वे बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक बोझ के परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

रीना जोशी, प्रबंध निदेशक परिवहन निगम उत्तराखंड

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.