भूमि मामलों को लेकर कांग्रेस का सचिवालय कूच, सरकार पर भू-माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप
प्रदेश कांग्रेस ने भूमि संबंधी मुद्दों को लेकर मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में सचिवालय कूच किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर भू-माफियाओं को संरक्षण देने, सरकारी भूमि को मुक्त न कराने और जनविरोधी नीतियां अपनाने के आरोप लगाए।
प्रदर्शन के दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश की भूमि को व्यवस्थित रूप से खुर्द-बुर्द कर भू-माफियाओं और प्रभावशाली लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता से जुड़े कुछ लोग अपने आर्थिक हितों की पूर्ति के लिए भूमि से जुड़े मामलों में भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में जमीनों की बिक्री और हस्तांतरण का सिलसिला चिंताजनक स्तर तक पहुंच गया है। उन्होंने दावा किया कि यदि यही स्थिति बनी रही तो भविष्य में आम लोगों के लिए जमीन का संकट खड़ा हो सकता है। गोदियाल ने आरोप लगाया कि जानकार सूत्रों के अनुसार आचार संहिता लागू होने से पहले करीब 100 अन्य भूमि प्रस्तावों को भी चहेते लोगों के पक्ष में तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार की शह पर भू-माफियाओं को लाभ पहुंचाने का काम किया जा रहा है, जबकि जनता के हितों की अनदेखी की जा रही है। कांग्रेस ने मांग की कि भूमि से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए और सरकारी जमीनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश की जमीनें आने वाली पीढ़ियों की धरोहर हैं और उन्हें बचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने भूमि मामलों में पारदर्शिता नहीं दिखाई तो कांग्रेस इस मुद्दे को और व्यापक स्तर पर उठाएगी।
सचिवालय कूच के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भूमि संरक्षण की मांग उठाई।
गणेश गोदियाल, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस।
