June 22, 2026

नैनीताल में अवैध टैक्सी और बाइक रेंटल सेवाओं पर प्रशासन का शिकंजा, चलेगा विशेष अभियान

Challan

नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में अवैध रूप से संचालित टैक्सी और बाइक रेंटल सेवाओं के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। परिवहन विभाग ने ऐसे संचालकों पर कार्रवाई तेज करते हुए विशेष अभियान चलाने की घोषणा की है।

अरविंद पांडे ने बताया कि कुमाऊं कमिश्नर और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर अवैध टैक्सी एवं बाइक रेंटल सेवाओं के खिलाफ व्यापक अभियान संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य परिवहन व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

आरटीओ के अनुसार, पिछले कुछ समय से कई संचालकों द्वारा नियमों की अनदेखी करने और मनमाने तरीके से सेवाएं संचालित करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। जांच के दौरान कई मामलों में बिना आवश्यक अनुमति और नियमों का पालन किए वाहन संचालित होते पाए गए।

उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग अब तक 70 से अधिक चालान कर चुका है और नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग द्वारा नियमित रूप से जांच अभियान चलाकर ऐसे वाहनों और संचालकों की पहचान की जा रही है।

अरविंद पांडे ने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक नैनीताल पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षित और वैध परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित और बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकें तथा जिले में परिवहन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाया जा सके।

अरविंद पांडे आरटीओ हल्द्वानी
Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.