June 23, 2026

ब्रिटिश प्राइम मिनिस्टर कीर स्टार्मर ने अपने प्रधानमंत्री पद और लेबर पार्टी के नेता के पद से दिया इस्तीफा 

Delhi, 22 Jun 2026,

ब्रिटिश प्राइम मिनिस्टर कीर स्टार्मर ने अपने प्रधानमंत्री पद और लेबर पार्टी के नेता के पद से इस्तीफे की घोषणा कर दी है। डाउनिंग स्ट्रीट से जारी एक बयान में कीर स्टार्मर ने कहा कि उन्होंने अपने फैसले की जानकारी किंग चार्ल्स को दे दी है। अगले प्रधानमंत्री चुने जाने तक वे पद पर बने रहेंगे। कीर स्टार्मर ने कहा कि वह नए प्रधानमंत्री को समर्थन देते रहेंगे।

प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने अपनी ही पार्टी के भीतर से बढ़ते अंदरूनी दबाव के बीच डाउनिंग स्ट्रीट में अपने कार्यकाल को समाप्त करते हुए, प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता केै पद से इस्तीफे की घोषणा कर दी है। स्टार्मर अपनी पत्नी के साथ 10 डाउनिंग स्ट्रीट से बाहर आए। जहाँ उनका स्वागत नारेबाजी और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ किया गया, जिसके बाद उन्होंने अपना इस्तीफा बयान पढ़ा और इस दौरान उन्होंने दो साल पहले डाउनिंग स्ट्रीट में अपने आगमन को जीवन का “सबसे गर्व का पल” बताते हुए याद किया और कहा कि उन्होंने राजनीति में कदम ही करोड़ों लोगों के जीवन को बदलने के उद्देश्य से रखा था।।

स्टार्मर ने अपने भाषण के दौरान लेबर पार्टी के सत्ता में वापसी के सफर का जिक्र किया और पार्टी नेता के रूप में अपने कार्यकाल का बचाव किया। उन्होंने कहा कि उन्हें एक ऐसी लेबर पार्टी विरासत में मिली थी जो राजनीतिक, आर्थिक और नैतिक रूप से दिवालिया थी और उन्हें बार-बार कहा गया था कि पार्टी खत्म हो चुकी है। लेकिन हमने उन लोगों को गलत साबित कर दिया। स्टारमर ने आगे कहा कि उनके नेतृत्व ने यहूदी-विरोधी भावना के जहर को जड़ से उखाड़ फेंककर और अर्थव्यवस्था, रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा पर विश्वास बहाल करके लेबर पार्टी को बदल दिया।

कीर स्टार्मर ने 2024 के चुनाव में लेबर पार्टी को भारी बहुमत से जीत दिलाई थी और 14 साल के कंजर्वेटिव शासन को समाप्त करते हुए प्रधानमंत्री बने थे। उनकी सरकार को शुरू में जनता का भरपूर समर्थन मिला, लेकिन बाद में अर्थव्यवस्था, सार्वजनिक सेवाओं और पार्टी के आंतरिक मतभेदों को लेकर चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

लेबर पार्टी के 100 से ज्यादा सांसद सार्वजनिक रूप से यह कह चुके हैं कि कीर स्टार्मर को अपना पद छोड़ देना चाहिए। सांसद कह रहे थे कि स्टार्मर को कम से कम यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह कब तक पद पर बने रहेंगे। लोगों का मानना है कि स्टार्मर अपने चुनावी वादों के मुताबिक ब्रिटेन के लोगों का जीवन स्तर सुधारने और अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर पाए हैं। स्टार्मर के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी एंडी बर्नहैम इस समय उन्हें चुनौती देने वाले सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।

 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.