मसूरी विधानसभा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी, चार विकास कार्यों को मिली स्वीकृति
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से राज्य योजना के अंतर्गत चार महत्वपूर्ण विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाई है। इसी क्रम में सोमवार को वार्ड संख्या-12 किशननगर के सिरमौर मार्ग में बोरवेल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि किशननगर क्षेत्र में लगातार बढ़ती आबादी और पेयजल की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए इन योजनाओं का क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक था। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से हजारों स्थानीय नागरिकों को नियमित और बेहतर पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
स्वीकृत योजनाओं में वार्ड संख्या-12 के किशननगर स्थित राजेन्द्र नगर गली नंबर-04 में 125 एमएम बोर कर पेयजल सुदृढ़ीकरण कार्य, ललित पैलेस के निकट 125 एमएम बोर कर पेयजल सुदृढ़ीकरण कार्य, किशननगर के लोहारवाला स्थित सामुदायिक भवन में पेयजल व्यवस्था स्थापित करने का कार्य तथा रिस्पना मार्ग पर 125 एमएम बोर कर पेयजल सुदृढ़ीकरण कार्य शामिल हैं।
गणेश जोशी ने विश्वास व्यक्त किया कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्रवासियों को पेयजल संबंधी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है और मसूरी विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
