नैनीताल से कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा का आगाज, भाजपा पर साधा निशाना
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने नैनीताल से अपनी परिवर्तन संकल्प यात्रा के माध्यम से चुनावी अभियान का शंखनाद कर दिया है। इस दौरान नैनीताल पहुंचे कांग्रेस के जिला प्रभारी करन महरा का पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जोरदार स्वागत किया।
परिवर्तन संकल्प यात्रा के दौरान आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। पार्टी ने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पलायन और रामलला मंदिर में चंदा चोरी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए इन्हें आम जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर जोर दिया।
बैठक में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं ने इन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर जनता का विश्वास जीतने का संकल्प लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी आम जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाएगी और उनके अधिकारों के लिए सशक्त आवाज बनेगी।
जिला प्रभारी करन महरा ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट आवंटन की प्रक्रिया के तहत सर्वे कराया जा रहा है। पहले चरण की सर्वे रिपोर्ट पार्टी आलाकमान को सौंप दी गई है, जबकि दूसरे चरण की रिपोर्ट भी लगभग तैयार है। उन्होंने कहा कि अगले डेढ़ महीने के भीतर प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों की रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व के समक्ष प्रस्तुत कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सर्वे रिपोर्ट और संगठनात्मक फीडबैक के आधार पर व्यापक विचार-विमर्श के बाद उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाएगी। कांग्रेस की कोशिश ऐसे मजबूत और जीतने की क्षमता रखने वाले प्रत्याशियों को मैदान में उतारने की होगी, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके।
करन मेहरा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखंड कांग्रेस
