राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल को लेकर देहरादून में बवाल, परेड ग्राउंड पर कांग्रेस का धरना
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के आयोजन स्थल को लेकर मंगलवार देर रात देहरादून में कांग्रेस और प्रशासन आमने-सामने आ गए। परेड ग्राउंड की बुकिंग का दावा करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव भवन से परेड ग्राउंड पहुंचे, जहां पहले से भारी पुलिस बल तैनात था।
परेड ग्राउंड की पुलिस द्वारा की गई घेराबंदी का कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। इसके बाद कार्यकर्ता मौके पर ही धरने पर बैठ गए और प्रदेश सरकार तथा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देर रात तक चले इस घटनाक्रम के दौरान परेड ग्राउंड क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि प्रशासन राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है और कांग्रेस के लोकतांत्रिक कार्यक्रम को बाधित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी नियमानुसार कार्यक्रम आयोजित करना चाहती है, लेकिन प्रशासन अनावश्यक अड़चनें पैदा कर रहा है।
वहीं, चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने भी प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष को अपने कार्यक्रम आयोजित करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल कार्यक्रम स्थल को लेकर विवाद बरकरार है। प्रशासन और कांग्रेस के बीच गतिरोध के चलते स्थिति पर सभी की नजर बनी हुई है, जबकि 17 जुलाई को प्रस्तावित राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
गणेश गोदियाल, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस
प्रीतम सिंह, चकराता, विधायक
