उत्तराखंड में ‘गेम चेंजर योजना’ का शुभारंभ, 35 लाख विद्यार्थियों को मिलेंगी निःशुल्क नोटबुक
उत्तराखंड सरकार ने विद्यालयी शिक्षा को सुदृढ़ और छात्र-हितैषी बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘गेम चेंजर योजना’ (निःशुल्क नोटबुक वितरण योजना) का शुभारंभ किया। पीएम-श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने योजना का विधिवत शुभारंभ किया और छात्राओं को निःशुल्क नोटबुक वितरित की।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य के राजकीय एवं राजकीय सहायता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को निःशुल्क नोटबुक उपलब्ध कराकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और अधिक सुलभ एवं प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को आवश्यक अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराकर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का सहयोग करना है।
उन्होंने बताया कि जनपद देहरादून में लगभग 4.70 लाख नोटबुक वितरित की जाएंगी, जबकि प्रदेशभर में करीब 35 लाख नोटबुक विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएंगी।
योजना के तहत कक्षा के अनुसार विद्यार्थियों को नोटबुक उपलब्ध कराई जाएंगी। कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों को एक-एक नोटबुक, कक्षा 3 से 5 तक के विद्यार्थियों को तीन-तीन नोटबुक, जबकि कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को पांच-पांच नोटबुक प्रदान की जाएंगी।
डॉ. रावत ने विभागीय अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, समावेशी और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने पीएम-श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजपुर रोड तथा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, हाथीबड़कला की छात्राओं को निःशुल्क नोटबुक वितरित कर योजना की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
