विकासनगर में बंद कमरे में चली गोली, एक व्यक्ति की मौत, महिला गंभीर घायल
देहरादून जिले के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर में मंगलवार को बंद कमरे में गोली चलने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली विकासनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा बंद होने के कारण पुलिस ने खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल थी।
पुलिस ने घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए लेहमन अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतक का महिला के घर पर अक्सर आना-जाना था। हालांकि, गोली चलने की घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस ने घटनास्थल से एक तमंचा बरामद किया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है तथा घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न एंगल से जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
विवेक कुठियाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी विकासनगर
