संत रविदास जयंती वर्ष पर भाजपा का विशेष अभियान, आज देहरादून में होगी राज्यस्तरीय कार्यशाला
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड प्रदेशभर में विशेष जनसंपर्क एवं सामाजिक समरसता अभियान शुरू करने जा रही है। अभियान की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार, 24 जुलाई को देहरादून में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यशाला से होगी।
भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यशाला में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा प्रदेश टोली, जिलाध्यक्षों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी भी कार्यशाला में भाग लेंगे।
दीप्ति रावत ने कहा कि संत गुरु रविदास ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से समानता, सामाजिक समरसता और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव मिटाने की प्रेरणा देते हैं। इसी उद्देश्य से भाजपा उनके संदेशों और दोहों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान संचालित करेगी।
उन्होंने बताया कि राज्यस्तरीय कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद प्रदेशभर में कलश यात्राएं निकाली जाएंगी तथा सभी जिलों में कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
भाजपा का लक्ष्य संत रविदास के जीवन-दर्शन, दोहों और सामाजिक समरसता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाकर समाज में समानता और सद्भाव की भावना को और मजबूत करना है।
दीप्ती रावत भारद्वाज, प्रदेश महामंत्री, भाजपा ।
