उत्तराखंड रोडवेज यात्रियों को बड़ी राहत, 1 अगस्त से रिटर्न और ग्रुप टिकट पर मिलेगी 10% तक की छूट
उत्तराखंड सरकार ने रोडवेज यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए किराए में छूट देने की नई योजना शुरू करने का फैसला किया है। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के नेतृत्व में उत्तराखंड परिवहन निगम आगामी 1 अगस्त से नई रियायती योजना लागू करेगा। इस योजना के तहत रिटर्न (आने-जाने) का टिकट एक साथ बुक कराने वाले यात्रियों को किराए में 10 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी।
इसके अलावा, छह या उससे अधिक यात्रियों के समूह द्वारा एक साथ टिकट बुक कराने पर भी विशेष रियायत का लाभ दिया जाएगा। निगम का उद्देश्य यात्रियों को किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ रोडवेज बसों में यात्री संख्या बढ़ाना है।
परिवहन निगम के अनुसार, यह सुविधा ऑनलाइन टिकट बुकिंग के साथ-साथ बस अड्डों के टिकट काउंटरों पर भी उपलब्ध रहेगी, जिससे अधिक से अधिक यात्री इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर, सुरक्षित और सुलभ परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रिटर्न जर्नी और ग्रुप टिकट पर दी जा रही छूट से यात्रियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि त्योहारी सीजन और पर्यटन के दौरान यह योजना विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी। इससे अधिक लोग रोडवेज सेवाओं का उपयोग करेंगे, जिससे यात्रियों की सुविधा बढ़ने के साथ-साथ परिवहन निगम की आय में भी वृद्धि होगी।
परिवहन मंत्री ने कहा कि यह नई पहल यात्रियों को किफायती यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराने के साथ-साथ उत्तराखंड परिवहन निगम की सेवाओं को और अधिक लोकप्रिय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
प्रदीप बत्रा। ( परिवहन मंत्री)
