कांवड़ मेला-2026: जीआरपी ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को दिया अंतिम रूप, हरिद्वार स्टेशन पर व्यापक इंतजाम
कांवड़ मेला-2026 के मद्देनजर उत्तराखंड जीआरपी ने रेलवे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। लाखों शिवभक्तों की आवाजाही को देखते हुए हरिद्वार रेलवे स्टेशन और आसपास के रेलवे मेला क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर पुलिस अधीक्षक अरुणा भारती ने अधिकारियों और जवानों की ब्रीफिंग करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं निर्बाध रेल यात्रा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पूरे रेलवे मेला क्षेत्र को 2 सुपर जोन, 4 जोन और 7 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र में अधिकारियों और पुलिस बल की अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
कांवड़ मेले के दौरान अतिरिक्त जीआरपी, आरपीएफ, पैरामिलिट्री फोर्स, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ते और महिला पुलिस बल की तैनाती की गई है। रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ब्रीफिंग के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने की शपथ भी दिलाई गई। जीआरपी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेलवे स्टेशनों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ मेले के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराना है।
अरुणा भारती (पुलिस अधीक्षक जीआरपी)
