गड्ढों से परेशान जनता, भाजपा विधायक बोले- जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ हो सख्त कार्रवाई
उत्तराखंड में मानसून के दौरान सड़कों की बदहाल स्थिति और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देशों के बावजूद हालात में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर अब सत्तारूढ़ भाजपा के भीतर से भी सवाल उठने लगे हैं। धर्मपुर से भाजपा विधायक विनोद चमोली ने विभागीय अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विनोद चमोली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं और इस संबंध में घोषणाएं भी की हैं। इसके बावजूद यदि जमीनी स्तर पर सुधार दिखाई नहीं दे रहा है, तो यह विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता से करने के बजाय केवल औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं। ऐसी कार्यशैली के कारण आम लोगों को खराब सड़कों और गड्ढों की समस्या से लगातार जूझना पड़ रहा है।
भाजपा विधायक ने कहा कि यदि सड़कों की मरम्मत और गड्ढामुक्त अभियान के लिए संसाधनों की कमी है तो सरकार को उसे तत्काल उपलब्ध कराना चाहिए। लेकिन यदि पर्याप्त संसाधन होने के बावजूद अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं, तो उनके खिलाफ कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में क्षतिग्रस्त सड़कें लोगों के लिए दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं। ऐसे में शासन और प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करनी चाहिए, ताकि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रदेश की सड़कों की स्थिति में जल्द सुधार हो सके।
विनोद चमोली, विधायक, धर्मपुर, भाजपा