यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि, चारधाम यात्रा फिलहाल स्थगित: CM Dhami
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए राज्य सरकार ने एहतियातन चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तरकाशी, देहरादून और टिहरी समेत कई जिलों में मंगलवार सुबह से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन और मार्ग बाधित होने की स्थिति उत्पन्न हुई है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा को फिलहाल रोक दिया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार मौसम की स्थिति और यात्रा मार्गों की लगातार निगरानी कर रही है। संबंधित जिलों के प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन, लोक निर्माण विभाग और अन्य एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधनों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि जैसे ही मौसम सामान्य होगा और यात्रा मार्गों का निरीक्षण कर उन्हें पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया जाएगा, चारधाम यात्रा को तत्काल दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और मौसम अनुकूल होने तक अनावश्यक यात्रा से बचें।
राज्य सरकार ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और हालात सामान्य होने तक सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखेंगे।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री