July 30, 2026

जन संघर्ष मोर्चा की पहल रंग लाई, विकासनगर आईटीआई में अनुदेशकों की तैनाती के दिए गए निर्देश

Jan Sangharsh Morcha

जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने विकासनगर स्थित राजकीय आईटीआई में रेफ्रिजरेटर एवं एयर कंडीशनिंग टेक्नीशियन (आरएसीटी) तथा कला गणित ट्रेड के अनुदेशकों की तैनाती की मांग को लेकर कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के सचिव सी. रविशंकर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

मुलाकात के दौरान नेगी ने सचिव को बताया कि आरएसीटी ट्रेड में अनुदेशक की तैनाती नहीं होने के कारण इस शैक्षणिक सत्र में छात्रों को प्रवेश नहीं मिल पा रहा था। इससे न केवल विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा था, बल्कि लाखों रुपये की लागत से उपलब्ध कराए गए उपकरण और मशीनें भी अनुपयोगी होकर धूल फांक रही थीं।

उन्होंने यह भी बताया कि कला गणित ट्रेड के अनुदेशक का स्थानांतरण हो चुका है, लेकिन उनके स्थान पर अब तक किसी नए अनुदेशक की नियुक्ति नहीं की गई है। इससे संबंधित ट्रेड के विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सचिव सी. रविशंकर ने तत्काल दूरभाष पर संबंधित अधिकारी से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों पदों पर तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेशभर में 370 अनुदेशकों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आधे से अधिक अनुदेशकों ने कार्यभार भी ग्रहण कर लिया है, लेकिन अभी भी कुछ संस्थानों में आंशिक समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग शीघ्र ही विकासनगर आईटीआई में भी आवश्यक तैनाती पूरी करेगा, जिससे इसी शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को संबंधित ट्रेडों में प्रवेश मिल सकेगा और उनकी पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी रह सकेगी।

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.