August 4, 2026

उत्तरकाशी में एसआईआर अभियान की समीक्षा, 63 हजार से अधिक मतदाताओं को जारी होंगे नोटिस

Meeting

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा को लेकर सोमवार को सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने उत्तरकाशी जनपद का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) सभागार में निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के साथ बैठक कर नोटिस फेज (Notice Phase) के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मुक्ता मिश्र ने बताया कि 14 जुलाई 2026 से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत नोटिस वितरण एवं सुनवाई की प्रक्रिया लगातार जारी है। जनपद में विभिन्न प्रकार की विसंगतियों के आधार पर चिन्हित 55,973 मतदाताओं तथा 7,751 अनमैप्ड मतदाताओं सहित कुल 63,727 नोटिस जारी किए जाने हैं। नोटिसों की सुनवाई के लिए जनपद में 38 सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) की तैनाती की गई है।

सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 जुलाई 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए 14 जुलाई को जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदेय स्थलों पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशित किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार तीनों विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा की गई, जिसमें सभी ईआरओ और एईआरओ ने भाग लिया।

उन्होंने कहा कि बीएलओ के माध्यम से घर-घर नोटिस वितरण की कार्रवाई की जा रही है तथा सभी ईआरओ और एईआरओ द्वारा सुनवाई की तिथियां भी निर्धारित कर दी गई हैं। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दस्तावेज बीएलओ के माध्यम से भी जमा किए जा सकते हैं, जिससे लोगों को अनावश्यक रूप से बूथ या कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी।

मस्तू दास ने बताया कि नोटिसों की सुनवाई के दौरान मतदाताओं को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 मान्य दस्तावेजों में से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधार कार्ड के अतिरिक्त आयोग द्वारा निर्धारित अन्य दस्तावेज भी स्वीकार किए जाएंगे।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से रह गया है तो वह प्रारूप-6 के माध्यम से आवेदन करें। इसी प्रकार मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रारूप-7 तथा मतदाता सूची में किसी प्रकार के संशोधन के लिए प्रारूप-8 का उपयोग किया जा सकता है।

बैठक के दौरान सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। उन्होंने एसआईआर अभियान को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास 

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.