सीएम धामी ने कांवड़ यात्रा में सेवा देने वाले सफाईकर्मियों और पुलिस जवानों का किया सम्मान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा, सुरक्षा और समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत करने वाले सफाईकर्मियों और पुलिसकर्मियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों का भी स्वागत किया और उनके लिए आयोजित भंडारे में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने सफाईकर्मियों और पुलिस जवानों को फूलों की माला पहनाकर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे विशाल आयोजन को सफल बनाने में सफाईकर्मियों और पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कठिन परिस्थितियों में भी वे पूरी निष्ठा और सेवाभाव से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं, जो सराहनीय है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिवभक्त कांवड़ियों के लिए आयोजित भंडारे का भी निरीक्षण किया। भंडारे में बड़ी संख्या में कांवड़िए प्रसाद ग्रहण करते नजर आए। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और यात्रा की व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों से कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा के अंतिम चरण तक सभी व्यवस्थाएं पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ संचालित की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन और सामाजिक सहभागिता का भी प्रतीक है। उन्होंने यात्रा में सेवा दे रहे सभी कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
