Recent Posts

September 21, 2026

SIR अभियान को लेकर कांग्रेस अलर्ट, हर जिले में बनेगी 10 सदस्यीय निगरानी समिति

Congress

निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी होने और मतदाता सूची से नाम कटने की आशंकाओं के बीच उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अपने संगठन को सक्रिय कर दिया है। पार्टी ने सभी जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करते हुए प्रत्येक जिले में 10 सदस्यीय निगरानी समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं।

कांग्रेस के अनुसार ये समितियां कंट्रोल रूम की तर्ज पर कार्य करेंगी और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाताओं की समस्याओं के समाधान, आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने तथा प्रक्रिया संबंधी सहयोग उपलब्ध कराने का काम करेंगी। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कंट्रोल रूम के संचालन की जिम्मेदारी राकेश नेगी को सौंपी गई है।

प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री (संगठन एवं प्रशासन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि पार्टी ने इस पूरे अभियान को ‘वॉर रूम’ मॉडल पर संचालित करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए निगरानी समितियों का गठन कर दिया गया है। ये समितियां प्रतिदिन अभियान की समीक्षा करेंगी और जहां भी किसी मतदाता को परेशानी होगी, वहां तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगी।

राजेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि प्रदेशभर में फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और संगठन के सभी पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनका नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे।

कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं से भी अपील की है कि वे अभियान के दौरान आम लोगों की सहायता करें और निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया के अनुरूप आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं।

राजेंद्र सिंह भंडारी, प्रदेश महामंत्री, संगठन एवं प्रशासन, कांग्रेस

 

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.