पांच मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए मुख्यमंत्री धामी ने दी ₹3.45 करोड़ की मंजूरी
देहरादून, 5 अगस्त। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के पांच प्रमुख मंदिरों के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों के लिए ₹3.45 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही राज्य में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए लगभग ₹5 करोड़ की राशि मंजूर की गई है।
स्वीकृत परियोजनाओं के तहत पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर क्षेत्र स्थित मां बाल कुंवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए पहली किस्त जारी की गई है। इसके अलावा दुगड्डा विकासखंड के महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्य करण के लिए 1.69 करोड़ के स्वीकृति में से 1.02 करोड़ के पहली किस्त भी मंजूर की गई, पिथौरागढ़ के डीडीहाट स्थित हरिचंद देवता मंदिर के मास्टर प्लान, मिलम गांव के नंदा देवी मंदिर तथा अल्मोड़ा के सल्ट क्षेत्र स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर के विकास कार्यों के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री ने धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ अन्य जनहित कार्यों को भी प्राथमिकता दी है। चंपावत में सड़क निर्माण, नई टिहरी में जंगली जानवरों से सुरक्षा संबंधी कार्यों तथा देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल सामग्री के लिए ₹5 लाख की आर्थिक सहायता भी मंजूर की गई है।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
