Recent Posts

September 21, 2026

जनसुनवाई में कृषि मंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, एप्पल मिशन से सफल युवा किसान की सराहना

Meeting

कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को अपने कैंप कार्यालय में आयोजित दैनिक जनसुनवाई के दौरान दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों और शहर के विभिन्न इलाकों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल, पेंशन और अन्य जनसमस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा।

कृषि मंत्री ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

जनसुनवाई के दौरान टिहरी गढ़वाल जिले की जौनपुर तहसील के ग्राम सनाब मल्ला निवासी युवा किसान कुलदीप शाह ने भी कृषि मंत्री से मुलाकात की। कुलदीप शाह ने बताया कि कोरोना काल के बाद उन्होंने रिवर्स पलायन कर अपने गांव में आधुनिक बागवानी की शुरुआत की। उन्होंने कृषि मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और उद्यान विभाग की एप्पल मिशन योजना के तहत लगाए गए हाई-डेनसिटी सेब के पौधों से पहले ही वर्ष में 250 से अधिक पेटियों का उत्पादन प्राप्त हुआ, जिससे उन्हें अच्छी आय हुई।

युवा किसान की सफलता पर खुशी जताते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कुलदीप शाह जैसे युवा किसान प्रदेश के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे प्रयास न केवल रिवर्स पलायन को बढ़ावा देंगे, बल्कि आधुनिक बागवानी और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेंगे।

कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार एप्पल मिशन, कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट मिशन सहित विभिन्न बागवानी योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ उठाकर प्रदेश के युवा किसान आधुनिक खेती को अपनाते हुए रोजगार और समृद्धि की नई मिसाल कायम कर रहे हैं।

Share

You may have missed

Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.