उत्तराखंड में एनसीसी के विस्तार पर मंथन, सीमांत क्षेत्रों तक पहुंच बढ़ाने पर जोर
राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स (YSM, SM, VSM) ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड निवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में एनसीसी के विस्तार, सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करने तथा आधुनिक प्रशिक्षण अवसंरचना के विकास सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में एनसीसी महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स ने राज्य के अधिकाधिक युवाओं को राष्ट्रीय कैडेट कोर से जोड़ने के लिए सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों में नई एनसीसी इकाइयों के गठन एवं विस्तार की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास, प्रशिक्षण अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने तथा प्रस्तावित एनसीसी अकादमी की स्थापना सहित संगठन की भावी योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कैडेट कोर युवाओं में राष्ट्रीय चरित्र, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने वाला देश का एक प्रतिष्ठित संगठन है, जिसकी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में एनसीसी के विस्तार और प्रस्तावित आधारभूत संरचना विकास से जुड़ी सभी पहलों के लिए राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को एनसीसी से जुड़ने और नेतृत्व विकास के अवसर मिल सकें।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि उत्तराखंड के सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों के युवाओं को एनसीसी से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। साथ ही आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास के माध्यम से संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। यह बैठक राज्य सरकार और राष्ट्रीय कैडेट कोर के बीच युवाओं के सशक्तिकरण, राष्ट्र निर्माण तथा उत्तराखंड में एनसीसी की भूमिका को और अधिक प्रभावी और व्यापक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।