August 7, 2026

गर्भवती महिला की एंबुलेंस में मौत के मामले में जांच की मांग तेज, परिजनों का सीएचसी थराली के बाहर धरना

protest

थराली। लेटाल गांव की गर्भवती महिला सरिता देवी की एंबुलेंस में जच्चा-बच्चा समेत हुई मौत के मामले में जांच की मांग को लेकर शुक्रवार को परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली के बाहर धरना दिया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मृतका के पति नरेंद्र कुमार अपने दो बच्चों नितिन और नेहा, अपनी मां तथा अन्य परिजनों के साथ धरने पर बैठे। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद भी अब तक मामले की संतोषजनक जांच नहीं हुई है, जिससे परिवार में भारी नाराजगी है।

नरेंद्र कुमार ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन शुरू करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

धरने को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिला। इस दौरान धारपट्टी संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रमोद सिंह, हरीनगर लेटाल की प्रधान चमेली देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य दयाकृष्ण देवराड़ी, रविंद्र सिंह बिष्ट सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने की मांग की।

मृतका के पति नरेंद्र कुमार

Share
Copyright2017©Spot Witness Times. Designed by MTC, 9084358715. All rights reserved. | Newsphere by AF themes.